भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच पॉयनियर पब्लिक स्कूल में मनाया गया वार्षिकोत्सव, कक्षा 12 के विद्यार्थियों को दी गई भावभीनी विदाई।

भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच पॉयनियर पब्लिक स्कूल में मनाया गया वार्षिकोत्सव, कक्षा 12 के विद्यार्थियों को दी गई भावभीनी विदाई।

रिपोर्ट, ज़की सिद्दीकी/J9भारत समाचार

बहराइच। पॉयनियर पब्लिक स्कूल के विशाल एवं सुसज्जित प्रांगण में वार्षिकोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों की भारी उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के महाप्रबंधक श्री सैय्यद आसिफ किरमानी रहे।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन से जुड़े अन्य विशिष्ट व्यक्तित्व भी मौजूद रहे, जिनमें एमडी मैम श्रीमती अंजुम फात्मा किरमानी तथा विद्यालय की प्राचार्या मिस आफिया की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। वार्षिकोत्सव का मुख्य उद्देश्य कक्षा 12 के विद्यार्थियों को विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानपूर्वक विदाई देना रहा। इस अवसर पर विद्यालय परिसर भावनात्मक माहौल से सराबोर नजर आया। 

विद्यार्थियों और शिक्षकों ने एक-दूसरे के साथ बिताए गए पलों को याद कर भावुक क्षण साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। स्वागत गीत से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसके बाद बॉलीवुड मैशअप, कपल डांस, हॉरर-कॉमेडी नाटक तथा फेयरवेल मैशअप एक्ट ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। विद्यार्थियों की प्रतिभा और आत्मविश्वास से भरपूर प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा परिसर तालियों की गूंज से गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों की उपस्थिति में कक्षा 12 के विद्यार्थियों को उनके साथियों द्वारा विभिन्न आकर्षक एवं यादगार टाइटल प्रदान किए गए, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। 

मुख्य अतिथि श्री सैय्यद आसिफ किरमानी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने तथा समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए एक आदर्श नागरिक बनने की प्रेरणा दी। 

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे सदैव अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय का नाम रोशन करें। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ के सहयोग से संपन्न हुआ। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post